#Social

Lucknow Hit-and-Run Horror: लखनऊ में स्कूल फेयरवेल से लौट रहे छात्र ने पैदल यात्रियों को रौंदा, 6 साल के मासूम की मौत (Watch Video)


लखनऊ में स्कूल से विदाई के बाद गाड़ी चला रहे एक छात्र ने 6 लोगों को कुचला (Photo Credits: X\@nehajournalist5)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के बंथरा (Banthara) इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा (Road Accident) सामने आया. स्कूल फेयरवेल (School Fairwell) से लौट रहे 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार से सड़क किनारे चल रहे लोगों और एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी. इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. यह भी पढ़ें: Bengaluru Accident Video: बेंगलुरु में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस ने स्कूटर को रौंदा, दो मासूम बच्चों की मौत; भयावह वीडियो CCTV में कैद

कैसे हुआ यह हादसा?

यह घटना कानपुर रोड पर हनुमान मंदिर के पास शाम करीब 6 बजे हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र अपनी महिला मित्र के साथ स्कूल की विदाई पार्टी (Farewell) से लौट रहा था.  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण छात्र ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. कार पहले एक ऑटो-रिक्शा से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया.

हादसे के बाद आरोपी हुआ फरार

पुलिस जांच में सामने आया है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी छात्र रुका नहीं. उसने कथित तौर पर अपनी महिला मित्र को दूसरी जगह छोड़ा और खुद कार समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की महिला मित्र से मिली जानकारी के आधार पर क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया है, लेकिन आरोपी छात्र अब भी फरार बताया जा रहा है.

लखनऊ हादसा: स्कूल से विदाई लेकर आ रहे 12वीं के छात्र की कार ने ऑटो को टक्कर मारी, 6 साल के बच्चे की मौत 

लखनऊ हिट-एंड-रन मामला

हताहतों की जानकारी

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान 12 वर्षीय अरमान, 42 वर्षीय अवध बिहारी, 35 वर्षीय साधना वर्मा, 60 वर्षीय मीना देवी और 6 वर्षीय दीक्षित पटेल के रूप में हुई है. सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया. दीक्षित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बड़े मेडिकल सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

पुलिस की कार्रवाई

लखनऊ पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस फरार छात्र की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके. इस हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों या अनुभवहीन युवाओं द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.




Related Articles

Back to top button