राजनांदगांव – पेट्रोल डीजल के दामों में हुई वृद्धि के विरोध में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने किया विधायक कार्यालय के सामने प्रदर्शन

आशीष शर्मा राजनांदगांव – पेट्रोल डीजल के दामों में हुई वृद्धि के विरोध में एनएसयूआई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजनंदगांव विधायक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दाम के मामले में विरोध प्रदर्शन करते हुए आज बड़ी संख्या में एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता राजनांदगांव विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह के विधानसभा कार्यालय लड्डू लेकर पहुंचे।
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने इसे महंगाई का लड्डू बताते हुए डॉ रमन सिंह को लड्डू भेंट करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तब पेट्रोल डीजल के बढ़े दाम को लेकर रमन सिंह ने साइकिल चलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। अब जब दाम रोजाना बढ़ रहे हैं तब वे खामोश है।
राजनांदगांव शहर के महेश नगर क्षेत्र स्थित डॉ रमन सिंह के विधायक कार्यालय के सामने एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लड्डू रखकर डीजल पेट्रोल के बढ़े दामों के मामले में प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।




