अब इस तरह तय होगी प्राइवेट स्कूलों की फीस छग में, बन गई है कमेटी
छत्तीसगढ़ के प्राइवेट स्कूलों की फीस स्ट्रक्चर को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला किया है। अब निजी स्कूलों की फीस पालक, शिक्षाविद् और स्कूल प्रबंधन मिलकर तय करेंगे। सभी निजी स्कूलों में फीस तय करने के लिए समिति बनाने के निर्देश सरकार ने जारी कर दिए हैं।
बता दें कि निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली पर लगाम लगाने के लिए यह फैसला लिया गया है। समिति में पालक, शिक्षाविद और स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधि को रखा जाएगा। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम की अध्यक्षता में बनी 3 सदस्यीय मंत्रीमंडलीय उप समिति ने ये फैसला लिया है। स्कूल शिक्षामंत्री ने मीडिया को बताया कि समिति स्कूल की व्यवस्था, पढ़ाई का स्तर, स्टाफ की संख्या के मापदण्ड के आधार पर फीस तय करेगी।
गौरतलब है कि स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम की अध्यक्षता में बनी 3 सदस्यीय मंत्री परिषद उप समिति ने राज्य भर से सुझाव लिए और उसके बाद यह फैसला लिया गया है. निजी स्कूलों की फीस तय करने के संबंध में सरकार को अब तक 1288 सुझाव मिले हैं. यह सुझाव शिक्षक, शिक्षाविद,पालक संघ और निजी स्कूल प्रबंधन की तरफ से आएं हैं।
इन आये हुवे सुझावों पर विस्तार से चर्चा के बाद उप समिति ने बेहतर सुझावों को 1 सप्ताह के भीतर समिति के सामने प्रस्तुत करने को कहा और अब इन सुझावों के आधार पर ही निजी स्कूलों की फीस तय करने के लिए आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।



