क्राइमछत्तीसगढ़

मां ने कुल्हाड़ी से मारकर की बेटे की हत्या, शराब पीने और गाली गलौच की आदत से हो चुकी थी परेशान

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम महंत में मां ने अपने बेटे की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। आरोपी रोज-रोज शराब पीने के लिए पैसे मांगता था और नहीं देने पर मां से गालीगलौज करता था। इससे परेशान होकर मां ने अपने बेटे को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी महिला अघन बाई सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर 12 बजे के करीब सुनील कुमार सूर्यवंशी (26) घर पहुंचा और अपनी मां अघन बाई से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। मां ने कहा कि उसके पास शराब के लिए पैसे नहीं हैं, तो वो गालीगलौज करने लगा। आरोपी ने घर में रखी बाइक और टीवी को भी तोड़ दिया। इसके बाद अपनी मां की पिटाई करने लगा। रोज-रोज की गालीगलौज, मारपीट और विवाद से तंग आकर मां ने घर में रखी कुल्हाड़ी से बेटे के सिर पर कई बार जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें सुनील कुमार सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।

इधर शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर नवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी मां अघन बाई सूर्यवंशी (46) को गिरफ्तार कर लिया है। नवागढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मां अघन बाई ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button