
महासमुंद – बर्तन दुकान में चोरी की नीयत से घुसे एक नाबालिग सहित तीन लड़कों को ग्रामीणों ने पकड़ा। मामले में बर्तन दुकान संचालक ने आरोपियों के खिलाफ सरायपाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम तोरेसिंहा निवासी व बर्तन दुकान संचालक हेमंत भाेई पिता गोसाई भोई ने सरायपाली थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि मैं ग्राम तोरेसिंहा कन्या शाला के सामने मेरी बर्तन की दुकान है। 2 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे बजे ग्राम तोरेसिंहा से भगतदेवरी सडक निर्माण में काम रहे लोगो ने मेरे भाई भूपेश भोई को फोन कर सूचना दी कि तुम्हारे दुकान का ताला तोड़कर कुछ लोग अंदर घुसे है।
इसके बाद मैं अपने पिताजी, छोटे भाई व कोटवार के साथ वहां पहुंचा और दुकान जाकर शटर उठाकर देखा तो 3 लडके मौजूद थे तथा सामान अस्त व्यस्त पडा था। इसके बाद हम लोगों ने 3 लड़कों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन एक लडका चकमा देकर भाग गया। वहीं दो लड़कों को पकड़ा। वहीं भाग गए लड़के को गांव वाले उनके घर से पकडकर लाये। मैने गांव के सरपंच विनय पटेल, कोटवार शंकरलाल व पंच जगजीवन के सामने गल्ला को चेक किया उसमें रखा 7000 रूपये नहीं था। इसके बाद मैने पुलिस को सूचना दी। मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 34, 380, 457 के तहत मामला दर्ज किया है।



