गरियाबंद – कलेक्टर से मिलने की जिद करना ग्रामीणों को पड़ा महंगा

गिरीश गुप्ता गरियाबंद – देवभोग दौरे पर पहुंचे कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर उस समय अचानक नाराज हो गए जब नारेबाजी करते हुए ग्रामीण रेस्ट हाउस पहुंचकर उनसे मिलने की जिद्द करने लगे। कुछ देर बाद कलेक्टर रेस्ट हाउस से बाहर निकलकर ग्रामीणों के पास पहुंचे और अपनी नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ओर कलेक्टर के बीच कुछ बातचीत हुई उसके बाद कलेक्टर वहां से चले गए। अधिकांश ग्रामीण स्थानीय युवाओं द्वारा बनाये गए सत्याग्रह ग्रुप के सदस्य बताये जा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सीईओ के साथ कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर आज अपने देवभोग दौरे के दौरान कुछ समय के लिए स्थानीय रेस्ट हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली कटौती से नाराज सत्याग्रह टीम के कुछ सदस्य प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहां पहुंचकर कलेक्टर से मिलने की जिद्द करने लगे। कलेक्टर टीम के सदस्यों के साथ एसडीएम कार्यालय में मुलाकात करना चाहते थे मगर टीम के सदस्य रेस्ट हाउस में ही उनसे मिलना चाहता थे। उसके बाद कलेक्टर ने टीम के दो सदस्यों को मुलाकात के लिए अंदर बुलाया। इस पर भी टीम के सदस्य राजी नही हुए। टीम के सभी सदस्य एक साथ कलेक्टर से मिलना चाहते थे।
कुछ देर बाद कलेक्टर रेस्ट हाउस से बाहर निकलकर टीम के सदस्यों के पास पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर और टीम के सदस्यों के बीच कुछ बातचीत भी हुई। बातचीत के दौरान कलेक्टर नाराज होते देखे गए। कुछ देर बाद कलेक्टर वहां से अपने दौरे के लिए रवाना हो गए।




