छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भाजपा मई में निकलेगी ‘आदिवासी पुरखौती सम्मान यात्रा ‘


रायपुर। Chhattisgarh Assembly Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए छह महीने बाकी है। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य पार्टियां अपने सियासी समीकरण को दुरूस्त करने में जुट गई हैं। कर्नाटक, तेलंगाना के बाद छत्तीसगढ़ में भी यात्रा फार्मूला लागू होने जा रहा है। गुजरात ,त्रिपुरा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ भाजपा की चुनावी सारथी भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चेहरा और यात्राएं होंगी। कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा निकाल रखी है।

दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ भाजपा ने भी सत्ता वापसी को कमर कस ली है। पूरे प्रदेश में जोर-शोर के साथ सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों ने ताकत झोंक दी है। पहले भी त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में पार्टी को जन विश्वास रथ यात्रा का फायदा मिला था। मध्यप्रदेश में विकास यात्रा जारी है और राजस्थान कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा को भी बेहतर समर्थन मिल चुका है। पार्टी का मानना है कि युवाओं और महिलाओं में प्रधानमंत्री के प्रति व्यापक आकर्षण का भाजपा को फायदा मिल रहा है।

read also – छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 584 नए मरीज, पूर्व मंत्री भी पॉजिटिव

गुजरात और त्रिपुरा की जीत के लिए भाजपा ने जिस तरह की यात्राओं का सहारा लिया था वही फार्मूला अब कर्नाटक, तेलंगाना के बाद छत्तीसगढ़ में भी लागू होगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ में भाजपा मई में ‘आदिवासी पुरखौती सम्मान यात्रा निकालने जा रही है। इसके बाद जून-जुलाई में ‘परिवर्तन यात्रा भी निकाली जाएगी। बस्तर समेत जिन-जिन जिलों में आदिवासियों की संख्या अधिक है वहां पर आदिवासी पुरखौती सम्मान यात्रा निकाली जाएगी। छत्तीसगढ़ भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम के मुताबिक जनजाति समाज के लिए पांच यात्रा निकलेगी।

इनमें शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गुंडाधूर, शहीद गैंद्र सिंह, माता राजमोहनी देवी, संत गाहिरागुरु इनकी जन्म स्थल से जिला मुख्यालयों तक आदिवासी पुरखौती सम्मान यात्रा निकालेंगे। इसमें एक रथ रहेगा। आदिवासी वरिष्ठ नेता नेतृत्व करेंगे। गुजरात में भी अक्टूबर 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने गुजरात गौरव यात्रा निकाली थी। वहां भी बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा गुजरात गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की थी। वहां भी पांच यात्राएं अलग-अलग मंदिरों से शुरू होकर अलग-अलग मंदिरों पर खत्म हुईं थी।

यहां भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दौरा शुरू होने वाला है। आदिवासी समाज के लिए पिछली डा. रमन सिंह की सरकार में जो काम हुआ है उसे बताएंगे। चुनाव से तीन महीने पहले जून-जुलाई में भाजपा सभी पांच संभागों में परिवर्तन यात्रा निकालेगी। इन यात्राओं को हरी झंडी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या फिर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आएंगे। इन यात्राओं का फोकस उन इलाकों में अधिक होगा जहां पर विधानसभा-लोकसभा दोनों ही चुनाव में भाजपा को अधिक नुकसान हुआ है।



Related Articles

Back to top button