छत्तीसगढ़

कलेक्टर डेहरे ने जिला कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का किया औचक निरीक्षण

रेक और आलमारी के ऊपर अनावश्यक सामग्री न रखें साफ-सफाई के निर्देश, कार्यालय को घर जैसे स्वच्छ रखे

प्रतीक मिश्रा गरियाबंद- कलेक्टर छतर सिंह डेहरे ने आज दोपहर जिला कार्यालय स्थित विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपने समक्ष कार्यालयों में आलमारी के ऊपर रखे फाईलों और अनावश्यक वस्तुओं को हटवाया। साथ ही कार्यालय की सफाई भी करवाई। कलेक्टर डेहरे ने निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारियों और स्टाॅफ को अपने कार्यालय को घर जैसे स्वच्छ रखने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 के इस दौर में कार्यालय में प्रवेश द्वार पर सेनेटाईजर की अनिवार्य रूप से व्यवस्था की जाए। उन्होंने भू-अर्जन शाखा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, उद्योग, श्रम विभाग, निर्वाचन शाखा, शिक्षा मिशन, कैंटिन, शिक्षा विभाग, आबकारी, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, सांख्यिकी, खनिज, आदिवासी विकास विभाग सहित एनआईसी कक्ष का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री जे.आर. चैरसिया एवं डिप्टी कलेक्टर ऋषा ठाकुर मौजूद थी।

कलेक्टर डेहरे ने अवलोकन के दौरान जिला कार्यालय के परिसर और गैलरी में फैले हुए अनावश्यक वस्तुओं को तत्काल हटाने के निर्देश दिये। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में टूटे-फुटे डस्टबिन को हटाने और नये डस्टबिन उपयोग में लाने निर्देश दिये। उद्योग, शिक्षा, श्रम, आदिवासी विकास विभाग में सामग्री एवं फाईलों को बेतरतीब ढंग से रखे जाने के कारण नाराजगी जाहिर की गई एवं तत्काल साफ-सफाई करने व सामग्रियों को सु-व्यवस्थित रूप से रखने के निर्देश दिये।

उन्होंने गैर जरूरी सामग्रियों जैसे- कार्टून,टूटे हुए फर्निचर, कम्प्युटर सामग्री को हटाने के निर्देश दिये। साथ ही संबंधित उक्त कार्यालयो के प्रभारी अधिकारी और चपरासियों को नोटिस देने के निर्देश दिये हैं। डेहरे ने कार्यालयों में आलमारी और रेक के उपर कोई भी वस्तु या फाईल नहीं रखने के सख्त निर्देश दिये। बरामदों, गैलरी की नियमित सफाई हेतु नगर पालिका को निर्देश दिये गये।

Related Articles

Back to top button