शादी के चार दिन बाद युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम |

बिलासपुर जिले में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से टकरा गई थी। बताया गया है कि मृतक युवक की 4 दिन पहले ही शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी उसके मायके लेकर आया था, जहां वह अपनी पत्नी को छोड़ने के बाद अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। यह घटना सीपत थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के दमखांचा निवासी राजू गोंड़ की शादी सीपत क्षेत्र के ग्राम खांडा में 26 फरवरी को हुई थी। गुरुवार को वह अपनी पत्नी संगीता को लेकर अपने ससुराल आया था। यहां पर मंडप निकालने का रस्म होना था।
मिली जानकारी के मुताबिक राजू अपनी पत्नी को उसके घर में छोड़ने के बाद खम्हरिया में रहने वाले रिश्तेदार के घर चला गया था। जहां से वह अपनी बाइक से ससुराल लौट रहा था। लुतरा के राउतराय मैदान के सामने सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से उसकी तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। घटना में गंभीर रूप से घायल राजू की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।




