Politicsछत्तीसगढ़

कवासी लखमा के बयान पर पूर्व मंत्री का पलटवार, कहा – आपके संबंध किन लोगों से है जो आप “मोदी मरेगा” की बात कर रहे हैं

जगदलपुर। बस्तर लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के एक दूसरे पर हमले तीखे होते नजर आ रहे हैं। हाल ही में कवासी लखमा ने पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था जिस पर पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कवासी लखमा को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

पूर्व मंत्री व कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने अपने एक्स पर पोस्ट कर अपने ट्ववीट में लिखा है कि ”कवासी लखमा के बयान “मोदी मरेगा” को केवल इस संदर्भ में ही नहीं देखा जाना चाहिए.. वे “झीरम कांड” के प्रत्यक्षदर्शी हैं और मोटर सायकल से आराम से बच कर निकल आये थे…!!! वे कैसे बचे ? उनका संबंध किन लोगों से है और किनकी ताकत पर “मोदी मरेगा” की बात कर रहे हैं? यह राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय है- राष्ट्रीय जांच ऐजेंसियों से जांच होनी चाहिए।”

वहीं भारतीय जनता पार्टी के मंत्री और सीनियर नेता केदार कश्यप ने कांग्रेसियों पर बड़ा हमला बोला है। केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं के संबंध नक्सलियों से दिखाई देते हैं। उनके बयान यह बताते हैं कि वह खालिस्तान पाकिस्तानियों आतंकवादी की भाषा बोलते हैं। जिस तरह से कांग्रेसी नेताओं के बयान आ रहे हैं, उससे लगता है कि किसी गहरी साजिश की आशंका है।

जगदलपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेताओं पर हमला बोला है। गौरतलाब है कि 13 अप्रैल को राहुल गांधी बस्तर पहुंचने वाले हैं उससे पहले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कांग्रेसियों पर आक्रामक तरीके से हमला बोला है।

इधर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के तीर धनुष वाले बयान पर मंत्री रामविचार नेताम ने बड़ा बयान दिया है। बलरामपुर जिले के प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नक्सलियों से जुड़े हुए लोग और नक्सली विचारधारा के लोग ही नक्सलियों की वकालत करते हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलियों की बदौलत ही वहां पर ये राज करते हैं।

दरअसल, बीते दिनों बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने पुलिस को भगाने के लिए तीर धनुष का इस्तेमाल करने की बात चुनाव प्रचार के मंच से की थी। जिसके बाद प्रदेश का सियासी पारा गर्म हो गया है।

Related Articles

Back to top button