क्राइमछत्तीसगढ़

बेटे को जान से मारने की धमकी देता था पिता, बेटे ने ही उतार दिया मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। जिले के मोहरा पुलिस चौकी क्षेत्र में बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी पुत्र से उसके पिता का अक्सर विवाद होता था. वहीं मृतक शेषनारायण वर्मा अपनी पत्नी से भी विवाद करता था और अपने बेटे डोमेश वर्मा को जान से मारने की धमकी देता था. इससे तंग आकर उसके बेटे डोमेश ने अपने पिता की हत्या करने की योजना बनाई और उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि आरोपी का पिता भी दोहरे हत्या के मामले में जेल जा चुका है.

बीते 26 मार्च को मोहारा पुलिस को सूचना मिली कि शेष नारायण वर्मा का किसी ने गले में वार कर हत्या कर दी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कोपे नवागांव निवासी शेष नारायण वर्मा सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा था. मामले की जांच के दौरान पुलिस को उसके बेटे डोमेश वर्मा पर संदेह हुआ, जिससे पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल किया. आरोपी बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शेषनारायण अक्सर मारपीट और विवाद करता था. एक बार मां को भी तलवार फेंककर मारा था. होली के दिन भी मामा लालचंद जब घर आया था तब शराब पीने की बात को लेकर विवाद किया और मामा लालचंद को छोड़कर आता हूं फिर तुम लोगों का मजा चखाउंगा कहते हुए चला गया.

डोमेश वर्मा ने बताया, पिता की बार-बार धमकी से गुस्सा होकर उसने रात्रि लगभग 9 बजे उसका पिता शेषनारायण वापस आया तो अपने पास रखे टंगिया से उसके गले में प्राण घातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से आरोपी पुत्र डोमेश वर्मा पूछताछ व पुलिस से बचने के लिए हार्ट अटैक का बहाना कर खैरागढ़ अस्पताल में भर्ती हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

इस मामले में राहुल देव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव ने बताया, मृतक शेषनारायण भी वर्ष 2010 में थाना गातापार के डबल मर्डर में 6 अन्य आरोपी के साथ अभियुक्त रहा है. ऐसे में अपने पिता द्वारा उसकी भी हत्या कर देने की धमकी से डोमेश को अपनी हत्या का भय भी था. इसकी वजह से बेटे ने ही अपने पिता की हत्या कर दी. पुलिस ने इस हत्या की वारदात में प्रयुक्त टंगिया जब्त किया है. वहीं आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.

Related Articles

Back to top button