PCC Chief मरकाम के भाजपा के छग में 15 साल और कांग्रेस के 13 माह के शासनकाल पर खुली चर्चा पर तंज, प्रदेश अध्यक्ष उसेंडी बोले
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की भाजपा के छत्तीसगढ़ में 15 साल और कांग्रेस के 13 माह के शासनकाल पर खुली चर्चा करने संबंधी बात को ‘थोथा चना, बाजे घना कहा है।
प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में छत्तीसगढ़ को देश में एक नई पहचान दी और हमें इस बात पर गर्व है। शर्म तो प्रदेश की मौजूदा सत्तारूढ़ कांग्रेस की सरकार को महसूस होनी चाहिए, जिसने समूचे छत्तीसगढ़ में अपने कर्मों के कारण त्राहि-त्राहि का आलम पैदा कर रखा है।
प्रदेश का कोई कोना, कोई वर्ग आज ऐसा नहीं है जो प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कामकाज को लेकर त्रस्त न हो। उसेंडी ने तंज कसा कि शराबबंदी के वादे से मुकरने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के प्रति भी लापरवाही का परिचय दिया है. महिला उत्थान के सरकारी ढोल के शोर में महिलाओं की उन सिसकियों को अनसुना कर दिया गया जो अपराधों के धरातल पर उनके आत्म-सम्मान को रौंदे जाने से उपजी थीं।
उन्होंने कहा कि युवकों को न तो रोजग़ार के अवसर देकर उन्हें आगे बढऩे दिया गया और बेरोजग़ारी भत्ते का तो अब तक कोई अता-पता नहीं है। विक्रम उसेंडी ने कहा कि जिनके राजनीतिक संस्कार ही झूठ और खोखलेपन की मिसाल बन चुके हों, उन कांग्रेस नेताओं को भाजपा की पूर्ववर्ती राज्य सरकार को कोसने के बजाय उन कामों को आगे बढ़ाना था जो प्रदेश और प्रदेशवासियों के विकास तथा कल्याण के लिए भाजपा सरकार ने शुरू किए थे लेकिन वैचारिक दृष्टिकोण की दरिद्रता से जूझ रही कांग्रेस सुयोग्य नेतृत्व के अभाव में दिशाहीनता और बदनीयती की शिकार होगा है।
अपनी लंबी लकीर खींचने के बजाय प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार ने पूर्ववर्ती प्रदेश भाजपा सरकार की लकीर को मिटाकर अपने संकीर्ण राजनीतिक नज़रिए और प्रतिशोध की राजनीति का परिचय दिया।




