प्रतीक मिश्रा गरियाबंद – जिले में एक शख्स ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक मामला गरियाबंद से 20 किलोमीटर दूर मदनपुर गांव का है।
बताया जा रहा है कि युवक यादराम यादव, उम्र 28 वर्ष का शव उसके 4 वर्ष और 6 वर्ष के दो मासूम बच्चों के साथ फांसी के फंदे पर झूलते पाया गया। मृतक के भाई ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। बच्चों सहित आत्महत्या किये जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैली जिसके बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया। एडिशनल एसपी सुखनंंदन राठौर सहित पीपरछेड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई ।

मिली जानकारी के मुताबिक मृत युवक शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ उसका झगड़ा हुआ करता था। नशे में पत्नी सहित बच्चों के साथ भी मारपीट भी करता था । अंदेशा जताया जा रहा है कि अपने दोनों मासूम बच्चों को फांसी के फंदे पर लटका कर उनकी हत्या युवक द्वारा की गई होगी। जिसके बाद आत्मग्लानि में खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली होगी। मामले में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।




