छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के नियाय पाती अभियान को मिली सफलता
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी एवं प्रान्तीय महामंत्री सतीश ब्यौहरे ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी करके मीडिया को जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ राज्य के सभी जिलों से, नियाय पाती अभियान के तहत, हजारों की संख्या में शिक्षकों ने हस्तलिखित पोस्टकार्ड शासन प्रशासन को प्रेषित किया गया है। माननीय मुख्यमंत्री, माननीय शिक्षामंत्री एवं प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा छ.ग.शासन को पोस्टकार्ड लिखकर, शिक्षकों ने समस्त शिक्षक संवर्गों के पदों पर पदोन्नति एवं सहायक शिक्षकों को समयमान वेतनमान देने की अपनी मांग को लेकर 20 अगस्त से नियाय पाती डाक के द्वारा भेजना प्रारम्भ किया था, जोकि आज पर्यन्त जारी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडेरेशन के द्वारा समस्त शिक्षक संवर्गाे की विभिन्न मांगों को लेकर, राज्यव्यापी नियाय पाती अभियान के द्वितीय चरण में, प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों के माध्यम से 9 सितंबर को शासन प्रशासन के नाम से ज्ञापन सौंपा गया है।
इस ज्ञापन में मुख्य रूप से शिक्षक संवर्ग के हित में यह उल्लेख किया गया है कि राज्य शासन ने, राज्य के कर्मचारी-अधिकारियों को प्रथम एवं द्वितीय समयमान वेतनमान का आदेश वित विभाग के ज्ञापन क्रमांक 97/107/वित्त/नियम/चार दिनांक 28 अप्रैल 2008 के द्वारा तथा तृतीय समयमान वेतनमान लाभ देने का वित निर्देश 43/2018 आदेश दिनांक 8 अगस्त 2018 छ.ग.शासन वित विभाग द्वारा जारी किया है, लेकिन सहायक शिक्षक पद पर भर्ती हुए शिक्षकों को इसका लाभ नही मिला है, जिसके कारण छ.ग. प्रदेश शिक्षक फेडेरेशन द्वारा छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के हित में नियाय पाती अभियान चलाया गया। अंततः इस अभियान की सफलता के परिणामस्वरूप शासन के निर्देश पर प्रत्येक जिला शिक्षा अधिकारियों से तत्संबंध में जानकारी मंगायी गयी है, जिसकी विस्तृत जानकारी सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में सूचीवार उपलब्ध है।




