राजनांदगांव – सामुदायिक भवन पर स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र का विरोध, सड़क पर वार्ड वासियों ने किया प्रदर्शन

राजनांदगांव शहर के नंदई वार्ड में सामुदायिक भवन पर स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बनाए जाने का क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया है। आज नंदई क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर चक्का जाम करने पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने चक्का जाम से रोका। क्षेत्र के लोगों ने भाजपा पार्षदों के साथ सड़क पर ही बैठ कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
राजनांदगांव शहर के नंदई वार्ड में सामुदायिक भवन पर नगर निगम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बनाया जा रहा है, जिसका वार्ड के लोग विरोध कर रहे हैं। वार्ड के लोगों और पार्षद का कहना है कि यह श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र है, काफी मशक्कत के बाद क्षेत्र के लोगों को सामुदायिक भवन की सौगात पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के कार्यकाल में मिली है। अब सामुदायिक भवन पर स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बनाने से इस भवन का उपयोग निम्न आर्थिक वर्ग अपने घर के शादी, गमी व अन्य सामाजिक अथवा मांगलिक कार्य के लिए नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अगर स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बनाना है तो वे नई बिल्डिंग का निर्माण कर उस बिल्डिंग पर स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र की स्थापना करे।
बीते दिनों भी क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम पहुंचकर आयुक्त और महापौर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामुदायिक भवन में स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बनाने का विरोध करते हुए आगे और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी। इस मामले में कार्रवाई नहीं होती देख आज वार्ड के लोग चक्का जाम करने सड़क पर उतर आए और महापौर व आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बड़ी संख्या में वार्ड के लोगों के द्वारा सड़क पर उतर कर चक्का जाम करने की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को चक्का जाम करने से रोका। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने बीच सड़क पर ही बैठ कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और घंटो सड़क पर ही बैठे रहे।




