रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक के 2,259 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया एक अप्रैल से फिर शुरू हो रही है। डीजीपी डीएम अवस्थी ने इसके लिए रेंज स्तर पर भर्ती समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
डीजीपी ने इसके साथ ही उम्मीदवारों का तिथिवार चार्ट प्रोग्राम 28 मार्च तक जारी करने का आदेश दिया है। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा एक से 25 अप्रैल तक चलेगी। शिकायतों के कारण इस भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगी थी।
बता दें कि आरक्षक भर्ती के लिए दिसंबर 2017 में विज्ञापन जारी किया गया था। भर्ती की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो गई थी। इस बीच राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद शिकायतों के आधार पर सरकार ने इस पर रोक लगा दी थी। सरकार के इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। कोर्ट ने सुनवाई के बाद कोर्ट ने दिसंबर 2019 में सरकार को इस पर फैसला लेने की स्वतंत्रता दी थी।
पुलिस मुख्यालय के अफसरों ने बताया कि हाई कोर्ट ने आरक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों का संशोधित भर्ती नियम के तहत चयन करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने आरएफआइडी (रेडियो फ्रिक्वेंसी, आइडेंटीफिकेशन) का प्रयोग करते हुए 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) की जाए और 90 दिन के भीतर चयन सूची जारी की जाए।



