
रायपुर। कोरोना संक्रमण दर में कमी आने पर छत्तीसगढ़ शासन के 2 अगस्त से सभी शासकीय और निजी स्कूलों को खोले जाने के आदेश के बाद विद्यार्थियों के बीच उत्साह का माहौल है। संसदीय सचिव व रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए अपने विधानसभा के सभी शासकीय स्कूलों को खोले जाने के पूर्व सैनिटाइज करवा रहे हैं। रविवार को विधायक उपाध्याय ने अपने विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय स्कूलों में स्वयं खड़े होकर सैनिटाइजर,ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाया। शाला समिति के सदस्यों, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के सभी शासकीय स्कूलों को सैनिटाइज किया। विधायक ने फॉगिंग मशीन की कमान खुद संभाली और कक्षाओं को सैनिटाइज किया। विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि कोरोना संक्रमण से सम्पूर्ण विश्व बीते लगभग 2 वर्षों से प्रभावित रहा है। इसके कारण सभी सार्वजनिक गतिविधियां बंद रहीं। अब कोरोना संक्रमण दर में कमी आने पर छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है। इसके बाद से बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी शासकीय विद्यालयों के कक्षाओं को सैनिटाइज किया जा रहा है। साथ ही विधानसभा के सभी निजी विद्यालयों को भी पत्र लिखकर सैनिटाइज करने के लिए निवेदन किया गया है। विधायक उपाध्याय ने वैक्सीन लगा चुके शाला परिवार के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों का नाम शाला के सूचना पटल पर चस्पा कर सार्वजनिक करने कहा है। अन्य कर्मचारी भी जल्द से जल्द अपना टीका लगवाएं।




