विधानसभा ब्रेकिंग- 14580 शिक्षकों की सीधी भर्ती, 7571 शिक्षकों ने कार्यभार कर लिया ग्रहण – cgtop36.com

छत्तीसगढ़ विधानसभा में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, स्कूल शिक्षा और सहकारिता विभाग के मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2022-23 हेतु 38 हजार 231 करोड़ 65 लाख 55 हजार रूपए की अनुदान मांगे सर्व सम्मति से पारित की गई। इनमें आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के लिए 32341 करोड़ 55 लाख 74 हजार रूपए, स्कूल शिक्षा विभाग के लिए 5632 करोड़ 50 लाख 90 हजार रूपए और सहकारिता विभाग के लिए 257 करोड़ 58 लाख 91 हजार रूपए की राशि शामिल हैं।
अनुदान मांगों की चर्चा में सदस्यगण नारायण चंदेल, शैलेष पाण्डेय, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, संगीता सिन्हा, अजय चन्द्राकर, केशव चन्द्रा और पुन्नूलाल मोहले ने भाग लिया।
मंत्री डॉ. टेकाम ने अनुदान मांगों पर चर्चा में भाग लेने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों द्वारा जो बहुमूल्य सुझाव दिए गए हैं उन्हें विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों में शासकीय स्कूलों में 80 हजार से अधिक दर्ज संख्या बढ़ी है। आवश्यकता के आधार पर नवीन भवन स्वीकृत किए जा रहे हैं। साथ ही पुराने भवन की मरम्मत भी कराई जा रही है। अधोसंचना विकास के लिए बजट में 289 करोड़ 22 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है। मंत्री डॉ. टेकाम ने बताया कि राज्य में छात्र, शिक्षक अनुपात 1ः21 है, जो अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है।
शिक्षकों को शिक्षकविहीन एवं कमी वाले स्कूलों में पदांकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 14580 शिक्षकों की सीधी भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया था, जिसके विरूद्ध अब तक 2548 व्याख्याता, 2814 शिक्षक तथा 2209 सहायक शिक्षक मिलाकर कुल 7571 शिक्षकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। आगामी शिक्षक सत्र के पूर्व शेष पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।



