Breaking NewsPoliticsछत्तीसगढ़

Breaking news: नेता प्रतिपक्ष के समर्थन में खड़े हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल, कहा – बीजेपी नेता छत्तीसगढ़ी संस्कृति नहीं समझते

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा. चरण दास महंत के विवादास्पद बयान पर उनके साथ खड़े होते हुए एक बयान जारी किया है।उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि “जो कुछ नेता प्रतिपक्ष आदरणीय चरणदास महंत जी ने कहा वह छत्तीसगढ़ी भाषा के मुहावरे में कही गई बात है। लोकोक्तियों से समृद्ध छत्तीसगढ़ी भाषा को जानने समझने वाला और छत्तीसगढ़ी लोक जीवन से जुड़ा हर व्यक्ति इसे जानता है। उनका आशय घमंड तोड़ने से था। इस मुहावरे को भाजपा के नेता नहीं समझ सकते। वे छत्तीसगढ़ी भाषा संस्कृति को नहीं समझते।

इस तथ्य के बावजूद महंत जी ने विनम्रता से कहा है कि अगर इसका ग़लत अर्थ निकाला गया है तो वे खेद व्यक्त करते हैं।

श्री बघेल ने कहा कि हम महात्मा गांधी की पार्टी के लोग हैं। हम हिंसा पर न भरोसा करते हैं न हिंसा हमारी सोच का हिस्सा है। हम अहिंसक विचारधारा के लोग हैं। जहां तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सवाल है, तो हम उन्हें लोकतांत्रिक ढंग से परास्त करना चाहते हैं। उनका घमंड तोड़ना चाहते हैं। उनके प्रति कोई अनादर हमारे मन में नहीं है। वे स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों।

जानते चले की चरण दास महंत की एक टिप्पणी ने बीजेपी को उद्वेलित कर दिया है। उसके नेता सोशल मीडिया पर “पहला डंडा मुझ पर” अभियान चला रहे हैं। इस विवाद को शुरू हुए दो से तीन दिन हो गए हैं और अब भूपेश बघेल का बयान सामने आया है। लोग कयास लगा रहे हैं कि आखिर भूपेश बघेल महंत के समर्थन में क्यों उतरे। दरअसल चरण दास महंत ने यह बयान उस समय दिया था जब वे भूपेश बघेल का नामांकन करने पहुंचे थे। उसी दौरान वे एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इसीलिए श्री बघेल ने महंत के समर्थन में बयान जारी किया है।

Related Articles

Back to top button