छत्तीसगढ़

बिलासपुर – प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने किराए के मकान में फांसी लगाकर की आत्महत्या – cgtop36.com


बिलासपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। स्वजन ने फांसी के कारणों की जानकारी होने से इंकार किया है। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को जब्त कर लिया है। इससे फांसी के कारणों की जानकारी मिल सकती है।

अंबिकापुर के नमनाकला में रहने वाली प्रियंका गुप्ता(28) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह जूना बिलासपुर में मनोहर गुप्ता के किराए के मकान में रहती थी। वह चार महीने पहले ही शहर में आई थी। मंगलवार की शाम सात बजे तक आसपास के लोगों ने उसे देखा था। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। आठ बजे के करीब पड़ोस में रहने वाली महिला ने उसे आवाज दी।

अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह चली गई। थोड़ी देर बाद वह फिर आई। अंदर से जवाब नहीं मिलने पर उसने खिड़की से अंदर देखा। कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। महिला ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। सूचना पर पुलिस ने कमरे को सील कर दिया। युवती के स्वजन को इसकी जानकारी दी गई। देर रात ही युवती के पिता पारस गुप्ता और अन्य रिश्तेदार शहर पहुंच गए। बुधवार की सुबह उनकी मौजूदगी में कमरा खोला गया।

पंचनामा के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। युवती के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसके साथ ही स्वजन ने भी घटना के कारणों से इंकार किया है। पुलिस ने युवती के कमरे से उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। इसकी जांच के लिए साइबर सेल के पास भेजा जाएगा। पुलिस को इससे आत्महत्या के कारणों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।



Related Articles

Back to top button