बीजापुर – प्रधानमंत्री जी… हमारे पापा को छुड़वा दीजिए, अपहृत इंजीनियर की मासूम बेटी निकिता की मार्मिक अपील – cgtop36.com

छत्तीसगढ़ के बस्तर में मौजूद इंद्रावती नदी पर निर्माणाधीन पुल के इंजीनियर अशोक पवार और राजमिस्त्री आनंद यादव के अपहरण को आज पांच दिन बीतने वाले हैं। लेकिन अभी तक अपहृतों का कोई सुराग नहीं मिला है। न ही प्रशासन की ओर से इस दिशा में किसी पहल की सूचना मिली है।
आपको बता दें कि निजी कंपनी के अपहृत इंजीनियर अशोक पवार की पत्नी सोनाली पवार जंगलों में अपने पति को खोजती फिर रही हैं। सोनाली अपनी नन्हीं सी बच्ची को गोद में उठाये पति की तलाश में जंगलों की खाक छान रही है। वहीं सोनाली ने मीडिया के माध्यम से नक्सलियों से कहा है कि जब तक उनके पति की सकुशल रिहाई नही हो जाती तब वो बेदरे में ही डटी रहेंगी। सोनाली दिनभर बेदरे में खड़े नदी के दूसरी ओर ताकती रहती हैं कि कहीं से उसका पति दिख जाए, या कोई उसकी खबर लेकर आये। सोनाली को बेदरे में ही रुके तीन दिन बीत गए हैं।
छत्तीसगढ़ के प्रमुख आदिवासी नेताओं में से एक नंदकुमार साय ने नक्सलियों से दोनो अपहृतों को रिहा करने की अपील की है। साय ने कहा है कि इस तरह से निर्दोष लोगों का अपहरण कर या फिर उनको सजा देकर नक्सलियों को कुछ भी हासिल नहीं होने वाला है। यदि नक्सलियों को कोई दिक्कत या परेशानी है तो उन्हें प्रशासन के साथ बैठकर बात करनी चाहिए। साय ने कहा है कि दुनिया में किसी भी समस्या का हल युद्ध से नहीं निकलता, चाहे वह विश्वयुद्ध ही क्यों न हो, आखिरकार टेबल पर बैठकर बात करने से ही समस्या का समाधान हो पाता है।
गौरतलब है कि अपहृत इंजीनियर की पत्नी सोनाली ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अपने पति की रिहाई में मदद की गुहार लगाई है। वहीं अब अपहृत इंजीनियर अशोक पवार की रिहाई के लिए उनकी नन्ही सी बेटी निकिता पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मार्मिक अपील की है। निकिता कहती है कि, प्रधानमंत्री जी… हमारे पापा को छुड़वा दीजिए



