यहां गाजर में कलर डाल बेच रहा था सब्जीवाला, निगम टीम ने ठोंका जुर्माना
नगर निगम भिलाई आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर उड़नदस्ता टीम खाद्य सामग्रियों के विक्रय मे मिलावट को लेकर सतर्क हो गई है और लगातार छापे मारकर कार्यवाही कर रही है।
नगर निगम की उड़नदस्ता टीम निगम क्षेत्र के तहत आने वाले विभिन्न दुकानों, प्रतिष्ठानों, बाजार क्षेत्र, व्यवसायिक दुकानों का लगातार निरीक्षण कर रही है। शनिवार को उड़नदस्ता की टीम के कर्मचारियों ने अलग-अलग होकर सुपेला के आकाशगंगा सब्जी मार्केट का सघन निरीक्षण किया।
टीम के कर्मचारी निरीक्षण करते हुए आकाशगंगा सब्जी मार्केट पहुंचे जहां पर उन्होंने देखा कि गाजर, मटर, चुकंदर एवं परवल को रंग के पात्र में डाला गया है। यहां पाया गया कि गाजर एवं मटर को धोकर उसे रंग के बर्तन में डालकर विक्रय के लिए आकर्षक बनाने की प्रक्रिया की जा रही है ताकि क्रेता आसानी से इसे खरीद सकें।
निगम की टीम ने रंग किए हुए गाजर एवं रंग के पाउच को जब्त कर 5000 रुपए जुर्माना व्यवसायी से वसूला और पंचनामा बनाकर लिखित रूप से लिया गया कि दोबारा इस प्रकार से सब्जियों को रंगने का कार्य नहीं किया जाएगा। आसपास के व्यापारियों को भी इस बाबत समझाइश दी गई तथा रंग को फेंकने की कार्रवाई की गई।




