छत्तीसगढ़ में रायगढ़ से सांसद गोमती साय ने यूरिया की कमी का मुददा उठाते हुए कहा है कि किसानों को यूरिया 240 रूपये क्विंटल मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें कालाबाजारी के माध्यम से 500 रूपये तक में खरीदना पड़ रहा है. इससे किसानों को समस्या हो रही है जबकि राज्य सरकार कालाबाजारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नही कर रही है।
सांसद गोमती साय ने कहा कि मैं किसान की बेटी हूं इसलिए किसान हित में मुददा उठाती रहती हूं. अभी मेरे जिले में यूरिया ब्लैक में बिक रहा है. इसके लिए केन्द्र सरकार के अफसरों से भी बात की है लेकिन कोई हल नही निकल रहा. दूसरी ओर किसान परेशान हैं और खेती का समय निकला जा रहा है. उसके बाद यूरिया मिलेगा तो क्या लाभ. सुश्री साय ने कहा कि जिला के कलेक्टर से भी उन्होंने बात की है लेकिन फिलहाल कोई हल नही निकल सका है. सरकारी कीमत के हिसाब से देखें तो यह 240 रूपये क्विंटल मिलना चाहिए परंतु 500 रूपये तक में बिक रहा है यह किसानों के लिए अन्यायपूर्ण है।
सांसद साय ने आशंका जताई कि धान खरीदी के मुददे को देखते हुए राज्य में खेती का रकबा भी घटा दिया गया है जिसका असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा. जानते चलें कि इसके पहले गोमती साय की लगातार पहल से जशपुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 205 किलोमीटर लंबी सड़कों का जाल बिछाने 134 करोड़ की स्वीकृति केंद्र सरकार ने दी है. इन सड़कों के निर्माण के बाद जिलेवासियों को खासकर ग्रामीण क्षेत्र की जनता को इसका अधिक लाभ मिल सकेगा।
Web title – Urea being sold in 500 in the state black marketing is being done MP Gomti Sai raised issue




