रायपुर। महिला बाल विभाग के साथ मिलकर 5 विभाग के अधिकारियों ने दबिश देकर बूढ़ी माता चौक में हुक एंड कुक कैफे में हुक्का पीते तीन नाबालिक बच्चो को पकड़ा है. कैफे में फ़ूड के लाइसेंस के नाम पर नाबालिगों को नशीला पदार्थ दिया जा रहा था।
DCPO नवनीत स्वर्णकार ने मीडिया से कहा कि महिलाओं एवं बालकों का अवैध प्रवास एवं अनैतिक व्यापार रोकथाम बाल श्रम के लिए गठित टास्क फ़ोर्स की टीम लगातार निरीक्षण में लगी हुई है इसी कड़ी में आज हुक एंड कुक कैफे का निरीक्षण किया गया, जहां हुक्का पीते हुए तीन नाबालिग बच्चे पकडे गये, तीनों को दर्जनों हुक्का और फ़्लेवर सिगरेट के साथ सिविल लाइन पुलिस को सौंप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यहां फूड का लाइसेंस लेकर हुक्का बार चलाया जा रहा है. और यह कार्रवाई संयुक्त पाँच विभागों द्वारा मिलकर किया गया है. फ़ूड जोन के मुख्य संचालक आमिर और उसके पार्टनर को पुलिस को सौंप दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ जेजे एक्ट और आईपीसी के विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई किया जायेगा। इसके अलावा यह बात निकलकर सामने आ रही है की कोरोना से सावधानी के लिए जारी नियम का भी पालन नहीं किया जा रहा था।




