
केंद्र की भाजपा सरकार ने एक और बड़ा फैसला किया है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कमी करने का फैसला किया है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्तों (ईसी) की नियुक्ति संबंधी चयन समिति में मुख्य न्यायाधीशों (सीजेआई) को शामिल नहीं करने के खिलाफ दायर याचिका पर आज (15 मार्च) को सुनवाई करेगा। वहीं, आबकारी नीति घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर दिल्ली की सत्र अदालत शुक्रवार को फिर से सुनवाई शुरू करेगी।

आज से दो रुपये सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल
लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र की भाजपा सरकार ने एक और बड़ा फैसला किया है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कमी करने का फैसला किया है। नई दरें कल सुबह यानी 15 मार्च सुबह छह बजे से लागू होंगी। राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत अब 94.72 रुपये प्रति लीटर होगी, जो फिलहाल 96.72 रुपये प्रति लीटर है। ऐसे ही डीजल 87.62 रुपये में मिलेगा, जो अभी 89.62 रुपये प्रति लीटर है।
अन्य देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम
केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि तब का तब था, लेकिन आज भी कई देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल के दाम देखिए! 14 मार्च 2024 को रुपये के आधार पर भारत में पेट्रोल औसतन ₹94 प्रति लीटर है, लेकिन इटली में ₹168.01 यानी 79% अधिक, फ्रांस में ₹166.87 यानी 78% अधिक, जर्मनी में ₹159.57 यानी 70% अधिक और स्पेन में ₹145.13 यानी 54% अधिक! और ऐसे ही डीजल के दामों की तुलना कीजिए तो यदि भारत की औसत ₹87 प्रति लीटर है तो इटली में ₹163.21 यानी 88% अधिक, फ्रांस में ₹161.57 यानी 86% अधिक, जर्मनी में ₹155.68 यानी 79% अधिक और स्पेन में ₹138.07 यानी 59% अधिक!
नवंबर 2022 से अब तक पेट्रोल ₹15 और डीजल ₹17 सस्ता
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने दो अवसरों पर नवंबर 2021 और मई 2022 में पेट्रोल और डीजल पर सेंट्रल एक्साइज कम किया और ये सुनिश्चित किया कि भाजपा शासित राज्य वैट की दर कम करके ये राहत सीधा मोदी के परिवार को पहुंचाएं। यही कारण है कि आज भी भाजपा शासित और अन्य राज्यों के बीच पेट्रोल के दामों में लगभग ₹15 रुपये और डीजल के दामों में लगभग ₹11 रुपये तक का अंतर है। उन्होंने पहले दो बार में एक्साइज घटाकर पेट्रोल के दाम ₹13 रुपये प्रति लीटर कम हुए थे और डीजल ₹15 प्रति लीटर। आज की कटौती के बाद नवंबर 2022 से लेकर अब तक पेट्रोल दाम में हुई कुल 15 रुपये की कमी और डीजल के दाम में कुल 17 रुपये की कमी आएगी।



