inh24छत्तीसगढ़

अंतिम संस्कार को नहीं थे पैसे, वन विभाग ने सहायता राशि देने में की लेटलतीफी, भालू के हमले से हुई गरियाबंद जिले में मौत

प्रतिक मिश्रा, गरियाबंद – बीते दिनों गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत खरी पथरा में एक 65 वर्षीय वृद्ध को तेन्दुपत्ता तोड़ने के दौरान जंगल में भालू ने हमला कर बुरी तरीके से घायल कर दिया था जिसके बाद पीड़ित बुजुर्ग को अमलीपदर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित की चिंताजनक हालत को देखते हुवे गरियाबंद रेफर किया गया जहां उसकी हालत चिंताजनक देख डॉक्टरों ने पुनः रायपुर के लिए रेफर कर दिया था।

मिली जानकारी के अनुसार रायपुर में इलाज के दौरान भालू के हमले से घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाकर शव को गृह ग्राम लेकर पहुंचे। भालू के हमले से मृतक के परिवार की स्थिति इतनी दयनीय है कि परिजन मृतक का अंतिम संस्कार करने में भी असमर्थ थे।

उन्होंने वन विभाग के बीट गार्ड से संपर्क कर सहायता राशि की उम्मीद जताई पर बीट गार्ड ने कहा कि सहायता राशि वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा एक दो दिन में आकर दी जाएगी। ऐसी स्थिति में गांव के पूर्व सरपंच पुनीत नागेश परिजनों की मदद को सामने आए और परिजनों को ₹2000 की आर्थिक सहायता की जिससे कि मृतक का अंतिम संस्कार किया जा सका।

यह पहली घटना नहीं है जब गरियाबंद वन परिक्षेत्र में इस तरह की घटना हुई हो पहले भी एक बच्चे को तेंदुआ उठाकर ले गया था। जिसके बाद वन विभाग ने मृतक बच्चे के परिवार वालों को तत्काल 25000 की तात्कालिक सहायता राशि की थी मगर दूसरी घटना खरी पथरा की है जहां विभाग की उदासीनता देखने को मिली है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिजनों ने 10000 रुपये गांव से ही उधार लिया गया। घटना स्थल पर अब तक वन परिक्षेत्राधिकारी नहीं पहुंचे थे जब हमारे संवाददाता ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल संपर्क में नहीं था।

Related Articles

Back to top button