क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर पिछले हफ्ते कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे. सचिन तेंदुलकर ने 27 मार्च को खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी. सचिन ने अपने ट्वीट में लिखा था कि उनकी कोरोना वायरस टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. सचिन की जांच में कोरोना वायरस के हल्के लक्षण पाए गए थे, हालांकि उन्हें कोई गंभीर परेशानी नहीं है. कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद वे घर में ही क्वारंटीन हो गए थे. लेकिन अब, सचिन तेंदुलकर मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हो गए हैं.
सचिन ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा, ”आपकी प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद. चिकित्सीय सलाह के तहत एहतियात के तौर पर मुझे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुझे उम्मीद है कि मैं कुछ दिनों में वापस घर लौट जाउंगा. अपना ख्याल रखें और सुरक्षित रहें.” बता दें कि सचिन तेंदुलकर के साथ-साथ उनके सभी परिजनों का भी कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसमें सचिन को छोड़कर सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी.



