रायपुर से लगे अमलेश्वर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार खुडमुड़ा गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों की बेरहमी से हत्या की गई है। यहां दो महिलाओं के शव मिले थे, वहीं पिता और बेटा लापता बताए गए थे। जिसके बाद जांच के दौरान पिता और बेटे की लाश पानी की टंकी से बरामद हुई है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के संबंध में लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची अमलेश्वर पुलिस ने पहले तो दो महिलाओं की लाश बरामद की थी। दोनों मृतक महिलाएं सास और बहू हैं। वहीं परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके साथ ही घर से पिता और बेटे के गायब होने की जानकारी दी गई थी। पुलिस पानी की टंकी खंगाल रही थी, इस दौरान लापता पिता-पुत्र के शव पानी की टंकी से ही बरामद किये गए हैं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अमलेश्वर पुलिस पुरे मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया जांच में लूट या फिर पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है। मौके पर पुलिस विभाग के आला अधिकारी पहुंचे हैं।




