
जशपुर : जशपुर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कुशल कार्यप्रणाली का परिचय देते हुवे एफआईआर दर्ज नहीं करने पर बगीचा उपनिरीक्षक सकलूराम भगत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया सुमित्रा मिंज पति श्रीहेलारियुस मिंज ग्राम बादूपारा तहसील-बगीचा जिला – जशपुर (छ0ग0) द्वारा थाना- बगीचा में बार-बार जाकर कार्यवाही करने निवेदन किये जाने के उपरांत भी आज दिनांक तक बगीचा थाना में उपनिरीक्षक सकलूराम भगत के द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किया गया,प्रार्थिया विगत 2 माह से एफआईआर दर्ज कराने थाना पुलिस का चक्कर काट थक गई।
इसके बाद महिला ने पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर आप बीती बताई और एफआईआर दर्ज नहीं करने में घोर लापरवाही का बात बताया। प्रार्थिया ने बताया की वह आईटी एक्ट के तहत ठगी के मामले की शिकायत लेकर कई बार बगीचा पुलिस के पास जा चुकी है लेकिन उसकी फरियाद सुनने के बजाय उसे दिग्भ्रमित कर वापस भेज दिया जाता रहा।

पीड़िता ने बताया की शिकायत दर्ज करने में पुलिस की रुचि नहीं लेने पर एसडीएम के पास भी वह गुहार लगाई जिसके निर्देश पर बगीचा पुलिस को एफआईआर दर्ज करने कहा गया लेकिन यहां भी कोई समाधान नहीं निकला।उक्त मामले की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अपने कुशल कार्यप्रणाली का प्रमाण देते हुवे कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उपनिरीक्षक सकलूराम भगत के द्वारा धारा 154 सीआरपीसी का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है। पत्र में लिखा गया है कि प्रार्थिया सुमित्रा मिंज के आवेदन पत्र पर कोई कार्यवाही नहीं करना कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। उक्त कृत्य के लिए “क्यों न आपकी आगामी एक वेतनवृद्धि एक वर्ष के लिए असंचयी प्रभाव से रोकी जावे” इस संबंध में आप अपना जवाब तत्काल प्रस्तुत करें।



