गुजरात में कच्छ जिले के एक व्यक्ति को पुलिस ने सोशल मीडिया पर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी को रेप की धमकी देने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया है। झारखंड के रांची के रातू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच के दौरान बुधवार को 168 रन के आसान दिख रहे लक्ष्य का पीछा करते हुए महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 10 रन से हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद कप्तान धोनी समेत सीएसके के कुछ बल्लेबाज प्रशंसकों की आलोचना का शिकार बने। जिसमें केदार जाधव प्रमुख थे, जिन्होंने 12 गेंदों पर मात्र सात रन बनाए। कुछ यूजर्स ने धोनी के साथ उनकी पांच साल की बेटी के खिलाफ भी शर्मनाक टिप्पणी की थी।
सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी को मिली धमकी के बाद उनके सिमलिया व हरमू स्थित आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) व पूर्व क्रिकेटरों ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषी के गिरफ्तारी की मांग की है। धोनी परिवार के साथ सिमलिया में रहते हैं और अभी दुबई में इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में व्यस्त हैं।
गौरतलब है कि आइपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी बेटी को लेकर दुष्कर्म की धमकी दी गई है। धमकी के बाद रांची पुलिस अलर्ट पर थी। सिमलिया इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग लगातार जारी है।




