
सुकमा जिले के एनएच-30 पर नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया है। मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने यहां ट्रक समेत 7 वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में हथियार बंद नक्सली एर्राबोर पहुंचे थे. वहां मौजूद वाहनों के ड्राइवर को धमकी देकर भगा दिया. उसके बाद वाहनों की डीजल टंकी फोडकर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया है।
इलाके में एर्राबोर के स्थानीय युवक उस घटना को देख रहे थे तो उन्हें भी तीर, धनुष और पत्थरों से भगाने की खबर सामने आई है। घटना के बाद सभी वाहन चालक एर्राबोर थाना पहुंचे। वहीं नक्सलियों ने एनएच-30 के पेंटा ग्राम के पास सड़क जाम कर दिया है. पेंटा पुल के पास साइड डिवाइडर लगाकर कुछ ही दूरी पर पेड़ गिराए जाने की भी सुचना है। आपको बता दें कि नक्सलियों ने 26 अप्रैल को भारत बंद का आह्वान किया है. उससे पहले ही अपनी कायराना हरकतों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं।




