inh24खेल जगत

IPL2020 – MI vs RR: मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराया

आईपीएल 2020 में आज अबुधाबी में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच हुआ. इस मैच को मुंबई इंडियंस ने आसानी से 57 रन से जीत लिया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने 192 रन बनाए. लेकिन राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम 18.1 ओवर में 136 रन ही बना सकी. इसके साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल की प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई. आज मुंबई इंडियंस की ओर से सबसे ज्यादा रन सूर्य कुमार यादव ने बनाए, उनके नाम 79 रन रहे. मुंबई इंडियंस की ओर से जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट चटकाए।

इससे पहले मिडिल आर्डर के अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलकर मुंबई इंडियंस ने राजस्थान के सामने विशाल स्कोर दिया था. सूर्यकुमार ने अंत में हार्दिक पांड्या के साथ 76 रनों की साझेदारी कर मुंबई इंडियंस को 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 193 रनों के स्कोर तक पहुंचाया. सूर्यकुमार ने नाबाद 79 रनों की पारी खेली जिसमें 47 गेंदों का सामना कर 11 चौके और दो छक्के मारे. हार्दिक पांड्या ने उनका साथ देते हुए अंत में 19 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस के लिए उसकी सलामी जोड़ी तेजी से रन बना रही थी. अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने क्विंटन डी कॉक को आउट कर इस साझेदारी पर ब्रेक लगा दिया. डी कॉक ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े. डी कॉक ने 19 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए. कप्तान रोहित शर्मा को 88 के कुल स्कोर पर श्रेयस गोपाल ने आउट कर मुंबई को दूसरा झटका दिया. रोहित शर्मा ने 35 रनों की पारी में 23 गेंदों का सामना कर दो चौके और तीन छक्के लगाए. अगली गेंद पर गोपाल ने ईशान किशन (0) को आउट कर हैट्रिक की उम्मीद जताई जिसे क्रूणाल पांड्या ने पूरा नहीं होने दिया।

क्रूणाल पांड्या हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल पाए और जोफ्रा आर्चर की गेंद पर श्रेयस गोपाल ने ही उनका कैच पकड़ा. 12 रन बनाने वाले बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का विकेट 117 के कुल स्कोर पर गिरा. यहां से सूर्यकुमार और हार्दिक ने अंत तक कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. आईपीएल डेब्यू कर रहे कार्तिक त्यागी ने चार ओवरों में 36 रन देकर एक विकेट लिया. जोफ्रा आर्चर ने चार ओवरों में 34 रन देकर एक विकेट निकाला. गोपाल ने चार ओवरों में 28 रन ही दिए और दो अहम विकेट चटकाए।

Related Articles

Back to top button