
शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक संगठन ने बुधवार को कोरोना से मृत हुए 150 लोगो के अस्थियों का शिवरीनारायण नदी में विधिविधान से अस्थि विसर्जन किया। इससे पहले सुबह 9 बजे राघवेद्र सभा भवन में इन अस्थियों को रखकर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जिसमे शहर वासियों ने मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। कोरोना महामारी के दूसरी लहर के दौरान मौत ने तांडव मचाया। एक ही महीने के भीतर 1700 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई।
इसमे लगभग 150 मृतक ऐसे थे जो दूसरे जिले के रहने वाले व गरीब परिवार के थे, जिनके परिवार का कुछ भी पता नहीं चला। ऐसे में इनका विधि विधान से अस्थि विसर्जन होना मुमकिन नहीं था। ऐसे मे सामाजिक कार्यकर्ता अभिजीत मित्रा और उनके साथियों ने इन मृत आत्माओं का अस्थि विसर्जन का निर्णय लिया। इसके तहत सभी 150 मृतक का अस्थि विधिविधान से संचय किया गया। इसके बाद मंगलवार को विशेष वाहन कर शिवरीनारायण भेजा गया और विधिविधान से विसर्जन किया गया।
अभी भी बचे हैं अस्थियां
अभिजीत मित्रा ने बताया कि अभी भी कुछ अस्थियों की हांडी बची हुई है, उनके रिश्तेदार का पता लगाया जा रहा है, यदि रिश्तेदार मिल जाते हैं, तो अस्थियां उन्हें सोप दिया जाएगा। यदि नहीं मिलते हैं तो इस अस्थियों का विधि विधान से विसर्जन कराया जाएगा।




