जेपी नड्डा करेंगे मिशन महाकौशल का आगाज, चुनाव अभियान की करेंगे समीक्षा

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जबलपुर से अपने मिशन महाकोशल का आगाज़ करने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में महाकोशल की सभी 4 सीटों पर वोटिंग होनी है जिसके लिए जेपी नड्डा यहां भाजपा के चुनाव अभियान की समीक्षा करेंगे।
कार्यक्रम के मुताबिक जेपी नड्डा मंगलवार सुबह 11 बजे जबलपुर पहुंचेंगे जहां वो मानस भवन में प्रबुद्ध जनों से संवाद करेगे। इसके बाद नड्डा जबलपुर से शहडोल रवाना हो जाएंगे। शहडोल में लोकसभा चुनाव अभियान की समीक्षा करने के बाद जेपी नड्डा शाम 5 बजे जबलपुर लौटेंगे जहां वो पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जबलपुर में महाकोशल की चारों लोकसभा सीटों पर पार्टी के चुनाव अभियान की समीक्षा करेंगे। जेपी नड्डा कल मंगलवार को जबलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव भी मंगलवार को दिन भर जबलपुर में पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सरकार के मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जेपी नड्डा का ये महाकोशल दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने जा रहा है और ये तय है कि बीजेपी मिशन 29 के साथ महाकोशल में भी क्लीन स्वीप करेगी।



