अंबिकापुर में चार नवजात की दर्दनाक मौत, परिजनों ने मचाया हंगामा, वेंटीलेटर बंद होने से हादसा होने का आरोप

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू विभाग में कल एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां पर नवजात बच्चों की मौत का मामला सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक एक ही रात में चार बच्चों की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया है. घटना रविवार देर रात की है।
बताया जा रहा है कि रात में अस्पताल में बिजली गुल थी इससे वेंटिलेटर बंद हो गया और चार बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई। बच्चों के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मेडिकल कालेज में बीजेपी समर्थक हंगामा कर रहे हैं और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. विभागीय स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव भी पहुंच गए है और जानकारी हासिल कर रहे हैं. इससे पहले भी इसी अस्पताल में 7 बच्चों की मौत हो चुकी है. अस्पताल का अभी तक कोई बयान नही आया है और कोई भी अधिकारी मीडिया से बातचीत करने से बच रहा है.
यहां परिजनों ने अस्पताल परिसर में धरना दे दिया है तथा अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि 4 बच्चों की मौत की जानकारी मुझे मिली है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ में कार्यवाही की जाएगी।
पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने आज एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बिजली गुल होने से 4 बच्चों की दर्दनाक मौत की खबर बेहद हृदय विदारक है। ये सिर्फ लापरवाही नहीं; अक्षम्य अपराध है। जो भी दोषी हैं, कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति दे, परिजनों को वज्रपात सहने की ताकत दे।





