
जशपुर – ठंड का मौसम शुरू होते ही जशपुर जिले के खूबसूरत झरने, जलप्रपात और अन्य पर्यटन स्थलों पर प्रकृति का आनंद उठाने के लिए बाहर के सैलानियों की भीड़ बढ़ने लगी है.यंहा प्रसिद्ध कैलाश गुफा जलप्रपात, खुड़िया रानी गुफा का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक उतर जाने के साथ पंडरापाठ इलाकों में उंची नीची पहाड़ियों का सुखद नजारा देख कर बाहर से आने वाले हर सैलानी मंत्रमुग्ध हो जा रहे हैं।
जशपुर जिले में बाहर से आने वाले पर्यटकों के साथ क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन यंहा पहुंच मार्ग और सड़कों की अच्छी स्थिति कर दे तो स्थानीय लोगों को अच्छा रोजगार मिल सकता है.बगीचा अनुविभाग में कैलाश गुफा , राजपुरी जल प्रपात, रानीदाह जलप्रपात, रौनी घाटी, छिछली गुफा तथा अन्य पर्यटन स्थलों के पहुंच मार्ग काफी जर्जर हालत में हैं।
इन पर्यटन स्थल के आसपास ठहरने की अच्छी व्यवस्था के अभाव के चलते बाहर के सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मुम्बई से जशपुर पहुंची तनिष्का शर्मा का कहना था कि जशपुर जिले में ठंड का मौसम में पहाड़ी इलाकों में बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है।
बता दें कि ठंड के दौरान यंहा पंडरापाठ, छिछली का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक उतर चुका है. मौजूदा समय में पहाड़ी इलाकों में बेहद सुखद जलवायु के बाद यंहा मसूरी और नैनीताल की तरह प्रकृति का नजारा देखने को मिल रहा है. यंहा के पर्यटन स्थलों को विकसित करने से जशपुर जिले की पूरे देश में अलग पहचान बन सकती है।




