
कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित किया जाना प्रस्तावित था। अब उस स्थान में बदलाव कर नगर के बीचों बीच पं.चक्रपाणि हाई स्कूल ग्राउंड में की जायेगी। समारोह के लिए अफसरों को अलग-अलग कामों के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई है। साथ ही आज लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस विभाग से तैयारी सम्बंधित जानकारी ली गयी।
कोविड प्रोटोकाल एवं बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए बैठक सहित अन्य तमाम व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है। शासन के निर्देश पर किसी भी तरह से बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह सवेरे 9 बजे पं.चक्रपाणि हाई स्कूल ग्राउंड में शुरू होगा। मुख्य अतिथि यहां ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इसके पहले सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण हो जाएगा।
संपूर्ण कार्यक्रम का अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 9 बजे स्टेडियम मैदान में होगा। समारोह स्थल की साफ-सफाई,बैरिकेडिंग, शामियाना,मंच एवं माईक,पानी व्यवस्था,बैठक व्यवस्था,शांति एवं यातायात व्यवस्था,मार्च पास्ट परेड,चिकित्सा व्यवस्था आदि के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ फरिहा आलम सिद्की,डीएफओ के आर बढ़ई,सँयुक्त कलेक्टर टेकचंद अग्रवाल सहित समस्त विभागों के जिला प्रमुख,सभी सीएमओ एवं जनपद सीईओ उपस्थित रहें।




