भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच रविवार 29 नवंबर को सुबह 9:10 बजे से सिडनी क्रिकेट गाउंड में खेला जाएगा. पहले वनडे मैच में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 66 रनों से हार मिली. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान विराट कोहली से बहुत उम्मीदें थी लेकिन वह सिर्फ 21 रन बनाकर आउट हो गए।
दुनिया भर में शतकों का अंबार लगा चुके विराट कोहली का बल्ला सिडनी में खामोश रहता है. इस मैदान पर कोहली ने अब तक छह मैच खेले हैं. उन्होंने सभी मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही खेला है. उन्होंने यहां क्रमश: 21, नाबाद 3, 1, 8, 3 और 21 रन बनाए हैं. इस मैदान पर कोहली ने 89 गेंदें खेली है जबकि सिर्फ 57 रन बनाने में स फल रहे. यहां खेले छह मैचों में चार बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था. वहीं भारत को एक मात्र जीत 2016 में मिली थी जब मनीष पांडे शतक जड़ा था।
हालांकि विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में एक रहे हैं. कैप्टन कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 39 पारियों में 1931 रन बनाए हैं. विराट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 शतक और इतने ही अर्धशतक जड़े हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया वनडे क्रिकेट में 141 बार एक दूसरे से भिड़ चुकी हैं. इसमें 79 बार बाजी कंगारू टीम के हाथ लगी है, जबकि 52 मैचों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है. ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारतीय टीम ने कंगारू टीम के खिलाफ भारत ने 52 वनडे मुकाबले खेले हैं और टीम इंडिया को सिर्फ 13 मैचों में जीत मिली है. टीम इंडिया को 37 मैचों में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा है. ऑस्ट्रेलिया में जीत के लिए भारत को बेहद मशक्कत करनी होगी।
भारत के सामने होंगी ये चुनौतियां
भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती छठे गेंदबाजी विकल्प का ना होना है. हार्दिक पांड्या के गेंदबाजी ना करने से दूसरे वनडे में भी भारतीय टीम को इस दिक्कत का सामना करना पड़ेगा. पहले वनडे में हार के बावजूद टीम इंडिया दूसरे वनडे में टीम में कोई बदलाव नहीं करना चाहेगी. ऐसे में इस बार भी टीम में सिर्फ जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी, मोहम्मद शमी, युजवेंद्र चहल और रविंद्र जडेजा के रूप में गेंदबाजी के पांच विकल्प ही मौजूद रहेंगे।
सीमित ओवरों में भारत के उप कप्तान रोहित शर्मा की टीम को पहले वनडे में काफी कमी खली थी. रोहित का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अद्भुत रिकॉर्ड है और अगर वह होते तो शायद पहले मैच का रिजल्ट कुछ और हो सकता था. रोहित पूरी लिमिटेड ओवर की सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं है. ऐसे में दूसरे वनडे में भी कोहली एंड कंपनी को हिटमैन की कमी खलना स्वाभाविक है।
भारत के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम के ज्यादातर बल्लेबाज़ बेहतरीन फॉर्म में हैं. ऐसे में वे शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर हावी हो जाते हैं. टीम में डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स कैरी और एडम जेम्पा के रूप में आठ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीज़न में हिस्सा लेकर आए हैं. ये खिलाड़ी अलग-अलग टीमों में रहकर भारतीय खिलाड़ियों के करीब रहे हैं. ऐसे में वे उनकी ताकत और कमजोरी को भी अच्छी तरह जान गए हैं।




