
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही महिलाओं के साथ घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन प्रदेश में कहीं ना कहीं महिलाओं के साथ बलात्कार और हत्या जैसी घटना सामने आती रहती हैं। ताजा मामला प्रदेश की राजधानी लखनऊ ( Lucknow ) के विभूति खंड थाना क्षेत्र का है। यहां एक लड़की से लड़के ने सोशल मीडिया ( social media ) प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ( Instagram ) से दोस्ती कर उसे मॉडल बनाने का झांसा दिया। और इसके बहाने युवतियों के साथ रेप किया और उनको मारा पीटा।
थानेदार विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि राजाजीपुरम निवासी हिमांशु उर्फ वाशु सोनी एड फिल्म के लिए शूटिंग का काम करता है। एल्डिगो उद्यान 2 में किराए पर रहने वाली युवती ने उसकी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर कई बडे़ कलाकारों के साथ देखी। उसी के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। हिमांशु ने युवती से नामी कंपनियों में मॉडल बनाने का दावा किया। आरोप है कि हिमांशु ने टी.सीरीज कंपनी में ऑडिशन देने के नाम पर उसे विराजखंड के होटल गार्डेन इन में बुलाया।
पीडि़ता का आरोप है कि होटल के दूसरी मंजिल पर एक कमरे में लेकर गया, जहां उसके साथ कुछ देर तक कई लोग मौजूद थे। वह लोगों को बाहर छोड़कर वापस आया। इसके बाद कमरा बंद कर दिया और रेप किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी देने के बाद आरोपी हिमांशु ने उसे होटल के बाहर छोड़ दिया। पीडि़ता शाम को विभूतिखंड थाना पहुंची। उसने पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी।
पीडि़ता ने इसकी जानकारी अपनी एक दूसरी दोस्त को दी। जो बहराइच की रहने वाली है। वह लखनऊ में एक हॉस्टल में रहती है। जब दूसरी युवती ने पूरी बात सुनी तो उसने भी अपने साथ हुए रेप की बात कही। कुछ देर बाद वह भी थाने पहुंच गई। उसने आरोप लगाया कि एक सप्ताह पहले हिमांशु ने उसके साथ रेप किया था। उसकी धमकी व सामाजिक डर से शिकायत नहीं की। पीडि़ता की तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पीडि़ताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर रिहांश उर्फ शिवम के नाम से आईडी बनाई है जबकि उसका असली नाम हिमांशु उर्फ वासु है। उसके पास तीन मोबाइल हैं। आरोप है कि युवतियों को बड़ी व नामी कंपनियों के विज्ञापन में काम दिलाने का भी झांसा दिया था। इंस्पेक्टर चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक पीडि़ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की दो टीमें दबिश दे रहीं है।




