छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां खाने के मामूली विवाद में पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर घर में ही शव दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया है। घटना में उपयोग किया गया हथियार बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
पूरा मामला 17 अप्रेल का है जब बसदेई एरिया क्षेत्र के भावराही गाँव में आरोपी सत्यनारायण चेरवा और उसकी पत्नी बसंती के बिच खाना बनाने को लेकर मामूली विवाद हो गया। इस बात से गुस्से में सत्यनारायण ने घर पर रखे धारदार हथियार से बसंती पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद सबूत छुपाने के लिए घर के आँगन में ही उसके शव को दफ़न दिया। फिर जब महिला घर पर नहीं दिखी तब महिला के पिता सज्जन राम ने इसकी शिकायत स्थानीय बसदेई पुलिस चौकी में करवाई।
पुलिस ने जब खोजबीन की तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। आरोपी सत्यनारायण को हिरासत में लेकर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह काबुल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के आँगन में दफनाये गए बसंती के शव को बरामद कर आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने के धारा के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।




