
एसईसीएल गेवरा प्रबन्धन द्वारा कुसमुण्डा क्षेत्र अंतर्गत मनगाव से लगे जमीन पर साइलो निर्माण के विरोध में गांव के ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में गांव के महिलाएं और पुरुष सुबह 10 बजे से निर्माणधीन साइलो स्थल पर धरने पर बैठ गए। सभी की मांग थी कि उन्हें बसाहट देने के बाद ही साइलो निर्माण कराया जाए अन्यथा काम शुरू नहीं करने दिया जाएगा।
ग्रामीणों के साथ मौके पर क्षेत्र के पार्षद श्रीमती कौशलिया बिंझवार, पार्षद पति व कांग्रेसी नेता विनय बिंझवार, वार्ड 60 गेवरा बस्ती पार्षद अजय प्रसाद, वार्ड 61 आदर्शनगर पार्षद शाहिद कुजर, युवा कॉंग्रेस के जिला महासचिव नवीन कुकरेजा (निक्कू) सहित सेकड़ो ग्रामीण मौके पर डटे हुए थे।
सुरक्षा दृष्टिकोण से धरनास्थल पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था थी । कुसमुण्डा थाना प्रभारी लीलाधर राठौर करीब 2 दर्जन बल के साथ मौके पर शांति व्यवस्था बनाये रखने मौजूद थे।
आंदोलन शुरू होने के 3 घण्टे बाद SECL गेवरा प्रबन्धन के स्टॉप ऑफिसर अमिताभ तिवारी एवम सिविल अधिकारी के. सुरेश मौके पर पंहुचे,जिन्होंने आंदोलन समाप्त करने ग्रामीणों को समझाइस देने की कोशिश की, जिस पर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के साथ प्रबन्धन व ग्रामीणों की त्रिपक्षीय वार्ता कर इस समस्या का समाधान करने की बात कही।
लगभग 5 बजे प्रसाशन की ओर से दीपका नायाब तहशीलदार शशिभूषण सोनी मौके पर पँहुचें जिन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना जिसके बाद एसईसीएल के सम्बंधित अधिकारियो से चर्चा कर मनगाव के ग्रामीणों के 10 प्रतिनिधियों, एसईसीएल गेवरा प्रबन्धन के अधिकारियों एवम जिला प्रशासन की उपस्थिति में आगामी शनिवार 18 सितम्बर को त्रिपक्षीय वार्ता रखने की बात कही। जिसके बाद ग्रामीणों से धरना प्रदर्शन समाप्त किया।




