भाजपा नेता गलत बयानी कर कोरोना का भय फैला रहे – कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कोरोना मामलों पर दिए गए बयान को कांग्रेस ने गैर जिम्मेदाराना और लोगों में भय पैदा करने वाला बताया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि, पिछले कुछ दिनों से भारतीय जनता पार्टी के नेता झूठे बयानों से राज्य की जनता में कोरोना के भय को और बढ़ाने का काम कर रहे हैं। भाजपा के नेता प्रायोजित ढंग से प्रदेश में कोरोना मरीजों के लिए बेड नहीं होने और राज्य में ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं होने का झूठा प्रोपगेंडा कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि, प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह जैसे नेता भी इस प्रकार के गलत बयानों को जारी कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता शर्मनाक ढंग से राज्य में उपलब्ध ऑक्सीजन क्षमता के एक चौथाई के आंकड़ों को बयानों में जारी कर लोगों को भयभीत करने में जुटे हैं। इसमें कोई दो राय नहीं की राज्य में कोरोना का संक्रमण बढ़ा है, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या के आधार पर सरकार ने इलाज की व्यवस्था और संसाधनों को भी बढ़ाया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि, राज्य के हर नागरिक को बेहतर से बेहतर इलाज देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। घबराने की आवश्कता नहीं, थोड़ा भी लक्षण दिखे तो टेस्ट कराएं। नजदीकी अस्पताल में कोविड सेंटर में सम्पर्क करें, सबके इलाज की समुचित व्यवस्था है। रमन सिंह सहित भाजपा के तमाम नेता झूठे बनावटी आरोपों से प्रदेश की जनता में भय पैदा करने के बजाए सकारत्मक विपक्ष की भूमिका में आएं। रमन सिंह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, राज्य में भाजपा के और दो राष्ट्रीय पदाधिकारी हैं। 9 सांसद, एक केंद्रीय मंत्री है। यह सब केंद्र से बोलकर छत्तीसगढ़ को कोरोना से लड़ने में मदद दिलवाने की पहल क्यों नहीं करते? मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से एम्स में 150 आईसीयू बेड बढ़ाने की मांग की है। इस मांग का समर्थन करने का साहस ये क्यों नही दिखाते। रमन सिंह, प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र से बोलकर कोरोना के इलाज को यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम और स्मार्ट कार्ड में क्यो नही शामिल करवाते। केंद्र पूरे देश मे कोरोना का इलाज मुफ्त करवाने में मदद क्यों नहीं कर रही।



