
आंध्रप्रदेश के कासिबुग्गा पुलिस स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर सिरिशा सहस ने पुलिस महकमे में उठने वाली उँगलियों को स्तब्ध करा दिया हैं ,बता दें कि सिरसा ने दो किलोमीटर तक एक भिखारी की लाश को कंधा दिया, जिसे कोई छूना भी नहीं चाहता था।
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक लावारिश लाश मिली थी। शायद उस भिखारी की मौत ठंड या बीमारी से हुई होगी पर किसी ने भी उसके अंतिम संस्कार की व्यवस्था नहीं की। पुरे मामले की सूचना मिलते ही कासीबुग्गा पुलिस थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर सिरिसा मौके पर पहुंची और स्थानीय रहवासियों से मिन्नतें की कि वो मृतक के शव को श्मशान पहुंचाने में मदद करें।
बावजूद इसके मदद को एक भी हाथ न उठे तो सिरिशा ने खुद फैसला किया कि वो भिखारी का अंतिम संस्कार करेगी। एक मजदूर की मदद से सिरिशा ने भिखारी के शव को दो किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर बाहर लाई। इस दौरान लोग उनकी वीडियो बनाते रहे अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।सिरिशा ने भिखारी का अंतिम संस्कार भी किया।
बता दें कि कोट्टूरू सिरिशा 2017 बैच की सब इंस्पेक्टर हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग सिरिशा के हौसले को सलाम कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स एक सुर में लोग कह रहे हैं कि इस महिला पुलिस अधिकारी ने अपने कर्तव्य के प्रति जो जुनून दिखाया है वह यकीनन काबिल ए तारीफ है। एक यूजर ने लिखा ‘वीर नारी शक्ति को सैल्युट’।
वायरल हो रहे वीडियो को लेकर ट्वीट करते हुए आईपीएस अशोक कुमार ने लिखा ‘पुलिस वाले को अक्सर लोग निर्दयी मान बैठते हैं। आंध्रप्रदेश में महिला सब इंस्पेक्टर ने दो किलोमीटर तक एक भिखारी की लाश को कंधा दिया जिसे कोई छूना नहीं चाहता था। मानवता और करुणा की ऐसी कहानी आखिर कहां मिलेगी आपको। वर्दी वालों के प्रति अपनी दृष्टि बदलें।’




