
नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फांसकर उसके ही बड़े पिता के मार्फ़त 15 सौ किलोमीटर कुनकुरी थाना इलाके से मध्यप्रदेश के रतलाम बुला लेने व शादी रचाने की तैयारी करने का मामला सामने आया है। शादी के लिए मानव तस्करी के इस तरह के मामले जशपुर जिले में देखने , सुनने को मिल रहे हैं ।
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नाबालिग लड़की के अपहरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कुनकुरी थाने को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिस पर कुनकुरी थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने अपहृता बालिका की तलाश में तेजी लाई और बालिका के मध्यप्रदेश में होने की जानकारी मिली। उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन पर सायबर सेल की मदद से एएसआई मानेश्वर साहनी की अगुवाई में एक टीम 9 जुलाई को रतलाम भेजी। जिसमें चाइल्ड लाइन टीम मेम्बर रमा चावलकर को भी शामिल किया।
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए मीडिया को बताया कि 15 सौ किलोमीटर की दूरी तय कर जब मानेश्वर साहनी अपनी टीम के साथ बड़ोदिया गांव में आरोपी विशाल भट्ट के घर दबिश दी तो वहां से आरोपी अपहृता बालिका को लेकर फरार हो चुका था। आरोपी ने अपना और नाबालिग लड़की का फोन बंद कर दिया।
ऐसी स्थिति में पुलिस ने रतलाम , भोपाल, नीमच जिलों में आरोपी के नाते-रिश्तेदारों के घरों में दबिश देने लगे। इतना ही नहीं राजस्थान से लगे सीमावर्ती गांवों में भी पुलिस खाक छानती रही। 6 दिनों से लगातार पतासाजी कर से 17 वर्षीय बालिका को देवास से बरामद किया गया ।
बालिका ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पुनिया राम के मोबाइल से आरोपी विशाल भट्ट से बातचीत होता था एवम पुनिया राम के साथ बालिका रतलाम गयी थी । जहाँ पुनिया राम बालिका को रतलाम में विशाल भट्ट के पास छोड़ दिया था । विशाल भट्ट के द्वारा बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात भी पीड़िता अपहृता ने बताई। पीड़िता से विशाल का परिचय जशपुर में पहले हुआ था जब वह बिजली मैकेनिक का काम कर रहा था।
थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने धारा 363,366, 376 ipc , पाक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पाये जाने से आरोपी विशाल भट्ट पिता बगदी 23 वर्ष सा0 बड़ौदिया रतलाम मध्य प्रदेश एवम पुनियाराम पिता बितबिता 46 वर्ष सा0 हर्राडाँड़ थाना कुनकुरी को गिरफ्तार कर आज दिनांक 15/7/21 माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।




