inh24छत्तीसगढ़

महिला सशक्तिकरण का आधार बन रहा अंडा उत्पादन, महिलाएं कर रहीं अच्छी कमाई

बीजापुर। जिला बीजापुर एक आदिवासी बाहुल्य जिला है। जिले में वनोंपज संग्रहण, कृषि व पशुपालन ग्रामीण आबादी के आजीविका के आधार है। आदिवासी घरों में मुर्गी पालना उनकी संस्कृति का हिस्सा है। इसलिए इस क्षेत्र की महिलाएं मुर्गी पालन की बारिकियों से भली-भांति परिचित होती हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2020-21 में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना एवं 14वें वित आयोग के अभिसरण से जनपद पंचायत उसूर की ग्राम पंचायत नुकनपाल के आश्रित ग्राम चेरामंगी में सामुहिक मुर्गी शेड निर्माण किए गए हैं। जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक सार्थक कदम हैं।

इस शेड में ग्राम चेरामंगी की काव्या स्व-सहायता समूह की महिलाओं की ओर से अंडा उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। शेड में बी वी-380 प्रजाति की 128 मुगिर्यों का पालन किया जा रहा है।मुर्गी की खरीदी के लिए जिला खनिज न्यास निधि से राशि 5 लाख रुपए दिए गए हैं। पशुपालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में समूह की महिलाएं वर्तमान में दक्ष हो गई है।

इसी का नतीजा है कि इस कार्य को उन्होंने अब व्यवसाय के रूप में अपनाकर लाखों की मुनाफा कमा रही है। काव्या स्व-सहायता समूह की महिलाओं की ओर से शेड में अंडा उत्पादन का कार्य माह जनवरी 2021 से शुरू किया गया है। समूह की ओर से अब तक 6 रुपए प्रति अंडा की दर से कुल 22 हजार अंडा का विक्रय  आस-पास के आंगनबाड़ी केन्द्रों व ग्रामीणों को किया गया है। इस तरह  समूह ने इस कार्य से 1 लाख 32 हजार का मुनाफा प्राप्त किया है। महिलाओं की ओर से इस गतिविधि से प्रति माह 22 हजार रुपए की कमाई की जा रही है। समूह की सचिव पार्वती का कहना है कि इस कार्य से हम महिलाओं को अपनी आजिविका चलाने का साधन मिल गया है। समूह को प्रति माह अच्छी कमाई हो रही है, हम महिलाएं मन लगाकर मुर्गिंयों की देखरेख करती है। सच में यह काम हम लोगों की आजीविका के लिए शासन की अच्छी पहल है।

Related Articles

Back to top button