
क्या बोर के निकले गर्म पानी से पूरी की पूरी नर्सरी ही जलकर खाक हो जाती है। जी हां दरअसल ग्राम पंचायत बीरीघाट में ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सोलर ऊर्जा द्वारा चलित बोर से गर्म पानी निकला और पूरी की पूरी नर्सरी ही तबाह हो गई। प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद नजर आता है।

आपको बता दें कि पूर्व में इसी नर्सरी के लिए गरियाबंद जिले में मैनपुर जनपद पंचायत के अधीन बीरीघाट ग्राम पंचायत में पिछले तीन साल में 20 हजार पौधे लगाने हेतु एक करोड़ 21 लाख रुपए की राशि का आवंटन हुआ था परंतु कुछ लोगों के द्वारा पैसों का बंदरबांट करके इस योजना का बंटाधार कर दिया गया। सूत्रों ने बताया था कि पूरे घोटाले में 80 लाख रुपये तो फर्जी बिल लगाया गया जिससे कि अधिकारियों के मिलीभगत और सांठगांठ की बात भी नजर आई थी। और तो और मौके पर कोई बोर्ड तक नजर नही आ रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो पूरे प्रोजेक्ट में 20 हजार पौधे 3 सालों में लगाए जाने थे परंतु अधिकारियों की मिलीभगत से मौके पर शिवाय ठूंठों के कुछ भी नजर नहीं आता है। बातचीत में वर्तमान सरपंच ने बताया कि पिछले साल 3000 पौधे आए तो थे और यहां लगाए गए वह भी सिर्फ कागजी खानापूर्ति थी। कुछ लोगों का कहना है कि यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया गया पर आज तक इसकी कोई जांच नही हुई।

इस खबर के प्रकाशन के बाद यह मामला काफी तूल पकड़ा था। अब अचानक से बोर के गर्म पानी से झुलसने का मामला समझ से परे है। जो तर्क दिया जा रहा है वह किसी के भी गले नहीं उतर रहा है। बहरहाल मामले में देखना होगा किस जिले के जिम्मेदार अधिकारी क्या इस बात की जांच करते हैं और किस नतीजे पर पहुंचते हैं।




