आईपीएल 13 के 47वें मैच के लिए दुबई का मंच सज चुका है क्योंकि अब दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच घातक टक्कर होने वाली है. दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग में 11 मैच खेले हैं और सात जीत के साथ 14 अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर है. पिछले दो मैच दिल्ली कैपिटल्स को हार का सामना करना पड़ा है. हैदराबाद की बात कि जाए उन्होंने 11 में से सिर्फ चार जीते हैं और 8 अंक के साथ सातवें पायदान पर है. दोनों का ये 12वां मैच है और अगर हैदराबाद को आगे पहुंचना है तो ये मैच हर हाल में जीतना होगा और अगर दिल्ली कहीं हार गई तो कुछ मुश्किलें उनके लिए आ सकती है।
इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें कुल 16 बार आमने-सामने हुई हैं. दोनों टीमों के बीच हुए कुल 16 मुकाबलों में सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 मैच जीते हैं जबकि दिल्ली को केवल 6 मैचों में ही जीत मिली है. दोनों टीमों के बीच बीते 5 मैचों की बात करें तो हैदराबाद को 3 मुकाबलों में जीत मिली है और दिल्ली ने 2 मैचों में बाजी मारी है. इससे पहले इस सीजन के पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हैदराबाद ने हरा दिया था. बताते चलें कि साल 2019 में खेले गए आईपीएल के 12वें सीजन में दिल्ली और हैदराबाद कुल 3 बार भिड़े थे. आईपीएल के बीते सीजन में हैदराबाद ने पहले मैच में दिल्ली को हरा दिया था लेकिन अगले दोनों मैचों में दिल्ली ने हैदराबाद को धूल चटा दी थी. श्रेयस अय्यर की दिल्ली और डेविड वॉर्नर की हैदराबाद आखिरी बार आईपीएल 2019 के ऐलिमिनेटर मैच में भिड़े थे, जिसमें दिल्ली ने हैदराबाद को 2 विकेट से हरा दिया था।
दिल्ली कैपिटल्स पिछले दो मैचों की हार को भुलाकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मंगलवार को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के महत्वपूर्ण मैच में जीत दर्ज करके प्लेऑफ में जगह पक्की करने की कोशिश करेगा।




