इन दिनों तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा गाना दबा बल्लू अब लोगों की जिंदगी में परेशानी का कारण बन गया है। चौक-चौराहों गांवों के बाजार में हर जगह मनचले इस गाने की लाइन दबा बल्लू कहकर लोगों को छेड़ रहे हैं। इसी वजह से आंरग इलाके में एक महिला को पीट दिया गया। मामला अब थाने पहुंच गया है, पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज की है। महिला से मारपीट करने वालों की तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आरती सोनकर नाम की महिला मजदूरी करती है। आरंग के श्याम बाजार इलाके की रहने वाली आरती दो दिन पहले शाम के वक्त अपने घर जा रही थी। क्षेत्र की एक मिठाई दुकान के पास बच्चे आपस में दबा बल्लू.. दबा बल्लू.. चिल्ला रहे थे। आरती ने उन्हें टोका तो वहां मुहल्ले का प्रहलाद साहू नाम का युवक आ गया। वो महिला से बदसलूकी करने लना। महिला ने टोका तो युवक कहने लगा कि दबा बल्लू कहने से उसे क्या दिक्कत है और उसने गुस्से में आकर महिला को एक थप्पड़ जड़ दिया।
युवक ने महिला को जान से मारने की धमकी दे डाली और पीटने लगा। युवक की मां सावित्री बाई भी आ गई और महिला को ही पीटने लगी। मारपीट की वजह से महिला के गाल और पीठ में चोट आई है। झगड़े की खबर सुनकर महिला का भाई आलोक, बहन अन्नपूर्णा, मोहल्ले के दीपक, सुभाष साहू मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
सोशल मीडिया में वैसे तो कई चीजें है जो देखते ही देखते वायरल हो जाया करती है फिर वो डब्बू अंकल का डांस हो या किसी सेलिब्रिटी की धमाकेदार परफॉरमेंस हो। पर बीते दिनों छत्तीसगढ़ के धरसीवां में गजब मामला सामने आया है। दरअसल धरसीवा ब्लॉक के ग्राम कंदूल में 26 जनवरी के अवसर पर मड़ाई मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था और वहां ग्राम कंदुल के सरपंच एवं सचिव द्वारा द्वीअर्थी गाने दबा बल्लू बोलने पर ही या गाना बजाने पर ₹5501 का अर्थदंड लगाने का आदेश निकाला गया था जोकि सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो हुवा था।
वहीं इससे पूर्व आरंग के बनरसी में मड़ई मेला में भी पांच लोगों ने मिलकर एक युवक को जमकर पीटा। पुलिस ने बताया था कि आरोपी युवक मड़ई आए युवक से दबा बल्लू बोलने के लिए कह रहे थे और उसके इनकार करने पर आरोपियों ने उसे जमकर पीटा। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।



