रायपुर – छत्तीसगढ़ में अब लॉकडाउन नहीं लगेगा। राज्य सरकार का फैसला है।अब फुल टाइम बाजारों को खोलने की तैयारी है।जल्द गाइडलाइन जारी होगी।कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने प्रदेश में लॉकडाउन और बाजारों को फुल टाइम खोलने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उच्च स्तरीय बैठक में चौबे ने कहा है कि अब प्रदेश में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। बाजारों को भी फुल टाइम खोलने पर विचार किया जा रहा है।
नहीं बढ़ेंगा लॉकडाउन
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा, “प्रदेश में लॉकडाउन नहीं बढ़ेगा. जरूरत पड़ने पर और रियायतें दी जाएगी. आवश्यकता हो तो दुकानों को खोलने की समयसीमा बढ़ाई जाएगी. उन्होंने कहा हम किसी भी व्यवसायिक गतिविधि को रोकने के पक्ष में नहीं हैं. कोरोना से निपटने के लिए हॉस्पिटल, टेस्टिंग, बिस्तर और बेहतर इलाज कैसे दें इसके विस्तार के बारे में चर्चा की जाएगी.”
जनप्रतिनिधियों से मिले सुझाव
उन्होंने कहा, “प्रदेश में कोरोना के जितने भी मामले सामने आ रहे हैं उन्हें रोकना हमारे लिए चुनौती है. इसी परिप्रेक्ष्य में जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई. बैठक में कोरोना को रोकने जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने सुझाव दिए हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “जिला प्रशासन के साथ बैठकर हम सभी ने यह तय किया है कि राजधानी में जो संक्रमण बढ़ रहा है इसे रोकने में हम सफल कैसे होंगे. सभी पक्षों से सकारात्मक सुझाव मिले हैं. आने वाले समय में इसकी रूप रेखा बनाकर कार्यवाही करेंगे.”




