
सोनू केदार अंबिकापुर – छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू के अफवाहों के बीच सरगुजा जिले में इसकी पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि बर्ड फ़्लू सरगुजा पहुँच गया है। बता दें कि बर्ड फ़्लू का मामला शासकीय कुक्कुट फ़ॉर्म में सामने आया है। पिछले सात दिनों से इस सरकारी फ़ॉर्म में मुर्ग़ों की मौत हो रही थी।
मिली जानकारी के मुताबिक बर्ड फ़्लू की आशंका पर सैंपल जाँच के लिए भोपाल स्थित हाई सिक्योरिटी लैब भेजा गया था।देर शाम उनकी रिपोर्ट पॉज़ीटिव पाई गई है जिसके बाद प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर चला गया है। बताया जा रहा है कि आज सुबह फ़ॉर्म में मौजुद क़रीब ढाई हज़ार से अधिक मुर्ग़े और क़रीब पाँच हज़ार चूज़ों को मार दिया जाएगा।
इसके साथ ही एक किलोमीटर के दायरे में जितने भी निजी मुर्ग़े मुर्गियां होंगी उन्हें भी मारकर दफनाया जाएगा। सरकारी फ़ॉर्म में मौजुद दाने को भी डिस्पोज किया जाएगा। सरगुजा के सरकारी फ़ॉर्म में बर्ड फ़्लू की मौजूदगी से हड़कंप मचा हुआ है।





